Tuesday, March 26, 2019

एक दीप ऐसा जलाए

दीपावली पर
जलें दीप ऐसे
मिटे तम कलुष
मिटे अज्ञान ऐसे
रवि-किरणें
करें तम का नाश जैसे।
दीप मालाएं
हर ओर जगमगाएं
सबके जीवन में
ऐसे ही खुशियाँ आए
जैसे बगिया में
अनेक पुष्प खिल जाएं।
जीवन में यश सुख
समृद्धि बढ़े ऐसे
कोई पौधा वृक्ष
बनता हो जैसे।
दीप दीवाली के
कर दें हर घर को रोशन
नहीं हो कहीं भी
किसी का अब शोषण।
एक दीप जलाएं
 सदा हम ऐसा
हो अंतरतम प्रकाशित
मन से मन का
कराए मिलन हमेशा
अभिलाषा चौहान
स्वरचित



दीवाली

आया दीवाली का पावन त्योहार,
संग लाया अपने खुशियाँ अपार।
द्वार - द्वार सजने लगे तोरण,
जगमग दीपों से हर घर रोशन।
इतने दीप जले धरती पर ,
कालिमा अमा की लेते हैं हर।
पाँच दिनों का ये पर्व मनोहर,
बड़े उल्लास से मनता घर-घर।
मन से मन फिर मिलने लगे हैं ,
प्रेम-पुष्प फिर खिलने लगे हैं।
आओ मिलकर त्योहार मनाएं,
दीप-दान कर अंधकार मिटाए।
बस इतनी सी इच्छा है मन में,
अंधकार न रहे किसी के जीवन में ।

अभिलाषा चौहान
स्वरचित

गोवर्धन पूजा

करिए नित गोधन की पूजा,
उस सम कोई और न दूजा।
गो साक्षात लक्ष्मी स्वरूपा,
गो संवर्धन संस्कृति अनुरूपा।
पंचगव्य अति पावन अमृत,
गोबर, मूत्र, दूध, दही और घृत।
कान्हा को गऊएं अति प्यारी,
गो रक्षण करें गो हितकारी।
गोवर्धन का अर्थ यह दूजा,
गोमाता की करिए सदा पूजा।
गोमाता सहें कष्ट अपारा,
गोरक्षण हो संकल्प हमारा।
गोसंवर्धन करो जीवन के हेतु,
कान्हा भक्ति में है गोमाता सेतु।
गोवर्धन भी गोबर से ही बनते,
नवान्नों के फिर भोग हैं लगते।
बिन गो के गोवर्धन न होंगे,
बिन गो सेवा कान्हा प्रसन्न न होंगे।

अभिलाषा चौहान
स्वरचित 

Monday, January 28, 2019

मानव के संस्कार

पर सेवा परोपकार,
मानव के हैं संस्कार।
कर मानवधर्म अंगीकार,
करते सदा जगत-उपकार।
निस्वार्थ भाव से होते पूर्ण,
संस्कार होते संपूर्ण।
दीन-हीन दुखियों के उद्धारक,
अत्याचार के होते संहारक।
आबाल-वृद्ध की करते सेवा,
कभी नहीं थकते है देखा।
सेवा ही जीवन का लक्ष्य,
कर्म से सदा होती प्रत्यक्ष।
एक उदाहरण ऐसा जग में,
चांद सा चमके इस नभ में।
मदर टेरेसा नाम है उनका,
सेवा ही था धर्म जिनका।
कितनों का जीवन संवारा,
कितनों को दिया सहारा।
दीन-हीन की थी वे आशा,
देख उन्हें मिटती थी हताशा।
नाम अमर उनका है जग में,
चमकी बनके तारा नभ में।

अभिलाषा चौहान
स्वरचित





Sunday, December 2, 2018

प्यार एक खूबसूरत एहसास

प्यार एक खुबसूरत एहसास,
प्यार जीवन की आस और विश्वास !!
प्यार प्रभु की अनमोल नियामत,
प्यार शीतल हवा का झौंका,
पुष्पों की भीनी-भीनी सुगंध है।।
प्यार दीपक की लौ, मंदिर की घंटी,
पायल की खनक,नुपुरों की झनकार है!!
प्यार में बसे सतरंगी सपने,
कुछ मेरे कुछ तेरे सबके अपने।
प्यार में रचा-बसा सारा संसार,
प्यार जीवन में भावों का हार।
प्यार में समर्पण,त्याग,दीवानापन,
आनंद,मधुरता,सहज अपनापन।।
क्रोध ,राग,द्वेष ,ईर्ष्या से परे,
सुन्दर,सरल,सहज जीवन।।
प्यार दिलों को जोड़ता है,
परमार जीना सिखाता है।।
प्यार राह दिखाता है,
इसमें समाहित हो जाते 
'मैं 'और 'तुम'रह जाता 'हम'
यही वसुधैव कुटुंबकम् का आधार है।।

अभिलाषा चौहान
स्वरचित

Monday, November 26, 2018

ग्रंथ

महान ग्रंथों से समृद्ध,
हमारी साहित्य परंपरा।
अनुपम ज्ञान-विज्ञान,
इन महान ग्रंथों में भरा।
वेद,पुराण, उपनिषद,श्रुति,
श्री मद्भागवत गीता,मनु स्मृति।
रामायण और महाभारत,
महान मनीषियों की महान कृति।
सांख्य,योग,न्याय,मीमांसा,
अनुपम दर्शन ग्रंथ प्रकाशा।
रघुवंश, मेघदूत,ऋतु संहार,
कालिदास की श्रेष्ठता का प्रसार।
रामचरितमानस अनुपम ग्रंथ,
रामभक्ति का प्रशस्त करें पंथ।
कृष्ण लीला का अनुपम चित्रण,
सूरसागर ग्रंथ में है इसका वर्णन।
शैव-दर्शन का करती बखान,
प्रसाद की कामायनी है महान।
उत्तम चरित्र,उत्तम मूल्य विभूषित,
धर्म-पथ,सत्कर्म सुशोभित,
व्याकरण,गणित, चिकित्सा।
अन्यान्य ज्ञान ग्रंथों में शोभित।
उत्कृष्ट ज्ञान के ग्रंथ महान,
करते हैं परंपरा का बखान।
संस्कृति की पहचान ये ग्रंथ,
दर्शन,ज्ञान-विज्ञान के पंथ।

अभिलाषा चौहान
स्वरचित


Saturday, November 3, 2018

ममता

ममता का संसार है व्यापक,
ममता का नहीं कोई मापक।
ममता की प्रतिमूर्ति है माँ,
मानव या किसी जीव की माँ।

ममता न देखे गोरा-काला,
ममता ने सृजन भार संभाला।
ममता जीव का पोषण करती,
ममता ही संस्कार है देती।

ममता न देखे अपना-पराया ,
ममता में संसार समाया।
ममता हृदय का सुंदर भाव,
ममता भर देती है घाव।

माँ ईश्वर की अनुपम रचना,
ममता उसका होता गहना।
ममता जीवन की अनुपम विभूति,
महिमा वर्णन वेद पुराण श्रुति।

ममता माँ की अद्भुत प्यारी,
देवता भी हैं इसके पुजारी।
ऐसा निर्मल भाव है मन का
शब्दों में महिमा न जाए उतारी।

अभिलाषा चौहान
स्वरचित